Menu bar

New Releasing soon...my new novel कंपू 007..a topper's tale कंपू 007...a topper's tale
New इस ब्लॉग के पोस्ट को मीडिया में देखने के लिये MORE menu के Milestone पर क्लिक करें..

Tuesday, July 26, 2016

लेख - राजनीति का गिरता स्तर

राजनीति का गिरता स्तर

हा
लिया दो घटनाओं ने राजनीति के गिरते स्तर को और गर्त में धकेलने का काम किया है | एक घटना में जहाँ महिलाओं के लिये खुलेआम जमकर गालियों का प्रयोग हो रहा है वहीँ दूसरी घटना में हमारे एक  सम्माननीय सांसद गैर जिम्मेदारी की सारी हदें पार करते हुए अपने घर से संसद तक के पूरे रास्ते का न केवल वीडियो बनाते हैं बल्कि उसे फेसबुक पर अपलोड भी कर देते हैं |

भाजपा सांसद दयाशंकर सिंह बसपा की आलोचना करते करते सारी गरिमा भूल बैठे | बसपा सुप्रीमो मायावती के लिये जैसे अपशब्दों का प्रयोग उन्होंने किया उससे भारतीय राजनीति नये रसातल को प्राप्त होती दिखी | मायावती ने संसद में जोरदारी से मुद्दा उठाया | बवाल इस कदर बढ़ा कि संसद में भी अरुण जेटली को माफ़ी मांगनी पड़ी | भाजपा ने त्वरित, कड़ा व सही फैसला लेते हुए तत्काल प्रभाव से दयाशंकर को पार्टी से निकाल बाहर किया | लेकिन आग फैल चुकी थी | बसपा सुप्रीमो सहित कार्यकर्ताओं में गुस्सा फूटना लाजमी था | अगले दिन ही कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ दयाशंकर का पुतला फूंका बल्कि महिला वर्ग के साथ साथ पूरी मानवता को शर्मसार करने वाले ऐसे नारे लगाये जिसने महिलाओं के मान सम्मान को बुरी तरह रौंद डाला | हैरानी की बात रही कि अपने लिये प्रयोग किये गये अपशब्दों को पूरी महिला जाति का अपमान बताने वाली मायावती ने खुद इस कृत्य की आलोचना के बजाय इसे अपने कार्यकर्ताओं का गुस्सा करार दिया | दयाशंकर की पत्नी, बेटी यहाँ तक की उनकी बुजुर्ग माँ के लिये जैसे अपशब्द प्रयोग किये गये उसने भारतीय राजनीति के इतिहास में एक नया व काला अध्याय जोड़ा | शायद गाली के बदले गाली ही भारतीय राजनीति की नयी परिभाषा है |

कल तक सीना ठोंक मायावती को अपशब्द कहने वाले दयाशंकर सिंह माहौल गर्माता देख भाग लिये | पुलिस गिरफ्तारी के लिये उन्हें जगह जगह ढूंढती फिर रही है लेकिन कल तक सूरमा बने दयाशंकर की अब इतनी हिम्मत नहीं पड़ रही कि अपने घर की बहू बेटियों की बेईज्जती के बदले कुछ बोल पायें | अगर वह खुद को निरपराध मानते हैं तो छिपे क्यों फिर रहे हैं | हालात यह हैं कि खुद उनकी पत्नी को सामने आना पड़ा | उनकी बुजुर्ग माँ ने स्वयं थाने जाकर बसपा के तमाम वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ़ शिकायत दर्ज करायी | इस पूरे मामले ने हमारे चुने हुए नुमाइंदों के दिमागी खोखलेपन व घटियापन को उजागर कर दिया है |

वहीँ एक दूसरे व अनूठे मामले में आप आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ने अपने घर से संसद तक के रास्ते तक का वीडियो अपने मोबाइल से बना ही लिया साथ ही उसे फेसबुक पर भी अपलोड कर दिया | वह यहीं रुके नहीं बल्कि अपनी इस बचकानी हरकत को सही ठहराते हुए अगले दिन फिर ऐसा करने का ऐलान भी कर दिया | संसद के अन्दर इसे संसद की सुरक्षा से खिलवाड़ बताते हुए हमारे सांसदों ने खूब बवाल काटा | लेकिन उनकी पार्टी आम आदमी पार्टी का रूख चौंकाने वाला रहा | सत्ता में आने से पहले हर छोटी छोटी बात को बड़ा मुद्दा बता कर पेश करने वाली इस पार्टी को संसद सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा भी गौड़ लग रहा है | उन्हें मान के कृत्य पर कोई शर्म नहीं महसूस हो रही | बल्कि वह इस कृत्य के समर्थन पर उतारू है | वह भी तब जब भगवंत अगले दिन संसद में खुद माफ़ी मांग चुके हैं | हां यह बात अच्छी रही कि लोकसभा अध्यक्ष ने उनके इस कारनामे को माफी के लायक कतई नहीं माना | संसद के अंदरूनी हिस्सों तक का वीडियो फेसबुक पर आ जाने के बाद हो सकता है पूरी सुरक्षा प्रक्रिया बदलनी पड़े | इसके बाद ही वह एक और विवाद में फंस गये जब एक सांसद ने उनके ऊपर संसद में शराब पीकर आने का आरोप लगाया | ज्ञात हो कि उन पर पहले भी सार्वजानिक कार्यक्रमों में शराब पीकर जाने के आरोप लग चुके हैं |

इन दोनों घटनाओं ने यह साफ़ कर दिया है हमारे राजनेता राजनीति के स्तर को एक नये गर्त में पहुँचाने के लिये आतुर हैं | कीचड़ उछालने की राजनीति ही अब इसका नया चेहरा है | हमारे राजनेता अपने निजी स्वार्थों के लिये किसी भी हद तक गिरने के लिये तैयार दिखते हैं | हालात तब ज्यादा ख़राब दिखते हैं जब ऐसे लोगों को अपनी पार्टी व अन्य लोगों का सहयोग मिलता है | यदि हालात ऐसे ही रहे तो वह दिन दूर नहीं जब बदजुबानी, गालियाँ और अविवेकशील हरकतें ही भारतीय राजनीति का चेहरा होंगे | 
             

                                                      Article By : Nitendra Verma
     Date:  July 24, 2016 Sunday


No comments:

Post a Comment