Menu bar

New Releasing soon...my new novel कंपू 007..a topper's tale कंपू 007...a topper's tale
New इस ब्लॉग के पोस्ट को मीडिया में देखने के लिये MORE menu के Milestone पर क्लिक करें..

Tuesday, March 17, 2015

"ख़याली पुलाव" - एक चिड़िया अनेक चिड़िया


एक चिड़िया अनेक चिड़िया


गाँव में बस्ती के बीच डालियों से भरपूर एक सूखा सा पेड़ | सूरज ढलने को है | यह पेड़ भले ही पतझड़ की वजह से पत्तियों से वीरान हो लेकिन इसकी डालों पर कतारबद्ध होकर बैठी चिड़ियाँ इसे अलग ही भव्यता प्रदान कर रही थीं | एकदम अदभुत अनुभव था | ऐसा लग रहा था जैसे किसी पी टी टीचर ने बच्चों को कतार में खड़ा किया हो | उनकी चहचहाहट इतनी मधुर और इस कदर सुर, लय, ताल में कि सुनने वाले का ह्रदय झंकृत हो उठे |  एक बारगी तो मुझे अपने स्कूल के दिन याद आ गये जब छुट्टी से पहले का पीरियड खाली होने पर हम सब बातों में मशगूल हो जाते थे |
काफी देर तक मैं उस पेड़ और उस पर बैठी चिड़ियों को एकटक देखता रहा | ऐसा लगा ये चिड़ियाँ आपस में दिन भर के अनुभव बाँट रही हैं | घर लौटने से पहले अक्सर पक्षी ऐसा करते हैं | यहीं पास के बड़े से तालाब के ऊपर शाम को श्रंखला बनाकर लय में घूमना चिड़ियों का प्रिय शगल है | ऐसा लगता है जैसे कोई हवाई जहाज करतब दिखा रहा हो | इनके सामने मानव का समूह नृत्य भी फ़ीका लगता है | ध्यान से देखने पर पता चलता है कि इन चिड़ियों को भी कोई लीड कर रहा होता है | सारी चिड़िया उसी एक चिड़िया के निर्देशों का पालन कर रही होती हैं | उसके बाएं घूमते ही सब बाएं और दायें घूमते ही सब दायें घूम जाती हैं |  
दिन भर रोजी रोटी के जुगाड़ में घूमते रहने के बाद शायद शाम का समय ही है जिसमें ये खुलकर मौज मस्ती करती हैं | हम इंसानों के पास तो अब इतना भी समय नहीं रह गया कि दिन भर के काम से फुरसत होने बाद अपनों के साथ बैठ के दो बातें की जा सकें | कितनी समानता है इंसानों और इन चिड़ियों में | सुबह होते ही हमारी तरह ही रोटी की जुगाड़ में निकल जाती हैं और शाम होते ही वापस घर को लौट आती हैं | कितनी खिलंदड , जिंदादिल , और सामजिक हैं ये चिड़िया |
पेड़ पे बैठी ये चिड़िया अपनी जगह भी बदल रही थीं मानो अपनी सभी दोस्तों का हाल चाल ले रही हों | अचानक दो चिड़िया वहां से उड़ गई | थोड़ी देर में कुछ और उड़ी | इसके बाद बाकी चिड़िया भी एक साथ फुर्र हो गयीं | शाम हो चली थी | अंधेरा घिर आया था | सारी चिड़िया अपने घरों को लौट चुकी थीं | चिड़ियों से हरा भरा पेड़ एक बार फिर वीरान हो चुका था | लेकिन कल फिर शाम होते ही पतझड़ का मारा ये पेड़ इन्ही चिड़ियों की चहचहाहट से गुलज़ार हो जायेगा |
                                    Khayali Pulao By : Nitendra Verma                                                          Date: March 17, 2015 Tuesday


No comments:

Post a Comment