Menu bar

New Releasing soon...my new novel कंपू 007..a topper's tale कंपू 007...a topper's tale
New इस ब्लॉग के पोस्ट को मीडिया में देखने के लिये MORE menu के Milestone पर क्लिक करें..

Thursday, February 26, 2015

"ख्याली पुलाव" - धोनी का सफ़र

धोनी का सफ़र

मि कूल कहे जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने हमेशा की तरह अप्रत्याशित फैसला लेकर सबको चौंका दिया | आस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज के बीच में ही उन्होंने सन्यास की घोषणा कर दी | हालांकि ऐसा करके उन्होंने अपने लिए आलोचना की जमीन जरूर तैयार कर ली | जो भी हो धोनी का अब तक का सफ़र अविश्वसनीय है | टी 20 से लेकर टेस्ट मैचों तक इंडिया को विश्व की सर्वश्रेष्ठ टीम बनाया | उनकी कप्तानी में हम लगातार वन डे रैंकिंग में टॉप पर रहे |
यही नहीं हम टेस्ट में भी ऊपरी क्रम में रहे | धोनी की ही कप्तानी में हमने टी 20 और वन डे के विश्व ख़िताब पर कब्ज़ा किया | लेकिन कुछ समय से टीम इंडिया के प्रदर्शन में लगातार गिरावट आई है | अब धोनी पर भी उँगलियाँ उठने लगी है | 2011 का विश्व कप जीतने वाली टीम इंडिया 2015 विश्व कप आते आते हांफने लगी है | अब उसमें पहले वाला जोश , जज्बा और जुनून नदारद है | विशेषज्ञ इसके पीछे धोनी को जिम्मेदार मानते हैं | आईये एक क्रिकेट प्रशंसक की नजर से हम इस पर विश्लेषण करते हैं |
सबसे पहले बात 2011 विश्व कप और उसके पहले की | यदि उस समय के टीम संयोजन पर नजर डालें तो टीम में सचिन तेंदुलकर के अलावा युवराज सिंह , जहीर खान , हरभजन सिंह जैसे अनुभवी दिग्गज मौजूद थे | साथ ही कोच के रूप में गैरी क्रिस्टेन मौजूद थे | इसमें कोई दो राय नहीं कि उनकी देखरेख में टीम निखर गई थी | हर खिलाड़ी को उसका रोल पता होता था | हमारा गेंदबाजी आक्रमण कभी विपक्ष को डराने लायक नहीं रहा लेकिन फिर भी विश्व कप में इन्ही अनुभवी व नए गेंदबाजों के साथ ने ऐसा रंग बिखेरा कि उनके सामने धुरंधर भी पानी मांगते नजर आये | इन सबके पीछे कोच गैरी की जबर्दस्त रणनीति और कप्तान धोनी का शातिर दिमाग शामिल था |
विश्व कप जीतने का बाद भी काफी समय तक हमारा शानदार प्रदर्शन जारी रहा | समय के साथ कुछ खिलाडियों ने सन्यास लिया , कुछ बाहर हुए, कुछ नए खिलाडी अन्दर आये | सबसे महत्वपूर्ण रहा कोच गैरी का टीम छोड़ने का फ़ैसला | इसके बाद टीम के प्रदर्शन में गिरावट आती गयी | टीम का संयोजन लगातार बदलता रहा | खासकर गेंदबाज तो ताश के पत्तों के तरह फेंटे जाते हैं | धोनी की सोच और व्यवहार में भी खासा अंतर आ चुका है | उनके फैसले कई बार खीझ पैदा करते हैं | अब उनके फैसलों में साहस की जगह डर दीखता है | यहाँ तक कि परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाजी क्रम में बदलाव भी अब उनसे नहीं होता | एक सीरीज के दौरान जब हमारा मध्य क्रम लगातार असफल हो रहा था तब भी धोनी ने अपने परम्परागत छठे नंबर से पहले आने की जरूरत उन्होंने नहीं समझी |
कई बार अपने पसंद के खिलाडियों को लेकर भी वो अड़ जाते हैं | लगातार फ्लॉप होने के बावजूद रोहित शर्मा , शिखर धवन को टीम से हटाया नहीं जाता | टेस्ट मैचों में तो कई बार लगता है कि धोनी को कोई रूचि ही नहीं है | डंकन फ्लेचर टीम में ऊर्जा का स्तर बनाये रखने में नाकाम रहे हैं | रविशाश्त्री से काफ़ी उम्मीदें थीं लेकिन सुधार नहीं दिखा |
कुछ भी हो धोनी ने अपनी कप्तानी में टीम को वो दशा और दिशा दी है जो शायद कईयों के लिए केवल सपना है | आज के दौर में लगातार सालों तक टी 20 से लेकर टेस्ट तक की कप्तानी संभाले रहना अविश्वनीय ही है | भले ही ऐसा लग रहा हो कि उनका सुनहरा दौर समाप्त हो चुका है लेकिन उनका चुका हुआ मानना बड़ी भूल होगी | टेस्ट से सन्यास लेकर धोनी ने समझदारी भरा फ़ैसला लिया है | ऐसा करके वो न सिर्फ क्रिकेट की अति से बचेंगे बल्कि खुद को टी 20 व एक दिवसीय में ज्यादा बेहतर तरीके से खपा सकेंगे |
विश्व कप 2015 शुरू होने वाला है | हर क्रिकेट प्रेमी यही चाहता है कि धोनी अपना जादू फिर दोहराएँ | अपनी टीम में नई स्फूर्ति का संचार करें | हम सब विश्व कप फिर से टीम इंडिया के ही हाथों में देखना चाहते हैं |
                 
                                    Khayali Pulao By : Nitendra Verma                                                          Date: February 04, 2015 Wednesday



No comments:

Post a Comment